राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 : राजनगर बाईपास पर चला ‘शाइनिंग सेफ्टी’ अभियान, भारी वाहनों की हुई सुरक्षा जांच

सरायकेला, 03 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तृतीय दिवस के अवसर पर सरायकेला–खरसावाँ जिला परिवहन विभाग द्वारा राजनगर बाईपास रोड पर सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान “शाइनिंग सेफ्टी रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप इंस्टॉलेशन” कार्यक्रम के तहत भारी मोटर वाहनों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने किया। अभियान के दौरान वाहनों में लगाए गए रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की गई, वहीं हेडलाइट, टेललाइट सहित अन्य प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। जांच के क्रम में कई वाहन चालकों को रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने, वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने को लेकर जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, विशेषकर रात के समय भारी वाहनों की दृश्यता सुनिश्चित करना तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है।
अभियान में मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, रवि प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागीय टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।



