बरबेन्दा-डामरुघुटू दोहरीकरण और डामरुघुटू–बोकारो स्टील सिटी के बीच तीसरी-चौथी रेल लाइन को मिली स्वीकृति

पुरुलिया, 11 फरवरी : झारखंड व पश्चिम बंगाल के रेल ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को पत्र के माध्यम से जानकारी दी है कि बरबेन्दा-डामरुघुटू रेलखंड के दोहरीकरण तथा डामरुघुटू-बोकारो स्टील सिटी के बीच नई तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
पत्र में रेल मंत्री ने पूर्व में हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए बताया कि इस परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में रेल यातायात सुगम होगा, माल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी तथा औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। विशेष रूप से बोकारो स्टील सिटी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो द्वारा इस मांग को उठाए जाने के बाद स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। यह परियोजना झारखंड और पश्चिम बंगाल के रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।



