चांडिल में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

एक अवैध खदान व छह क्रशर इकाइयां जप्त, प्राथमिकी दर्ज
चांडिल, 20 जनवरी : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार चांडिल थाना क्षेत्र में अवैध पत्थर उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान मंगलवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, क्षेत्रीय पदाधिकारी (प्रदूषण) एवं अंचलाधिकारी, चांडिल के नेतृत्व में जिला खनन विभाग तथा चांडिल थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया।
निरीक्षण के दौरान चांडिल थाना अंतर्गत मौजा चिलगु एवं मौजा करनीडीह क्षेत्र में एक अवैध पत्थर खदान (क्वारी) का खुलासा हुआ। साथ ही खदान के आसपास छह अवैध क्रशर इकाइयां स्थापित पाई गईं। अवैध खदान एवं क्रशर इकाइयों में उत्खनित व भंडारित पत्थर खनिज को विधिवत जप्त कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया गया।
इस मामले में अवैध खदान एवं क्रशर इकाइयों से जुड़े भूमि स्वामियों तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं प्रदूषण विभाग द्वारा भी संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत इन अवैध इकाइयों पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के क्रम में क्षेत्र में संचालित पांच ईंट भट्टा इकाइयों की भी जांच की गई, जिसमें तीन ईंट भट्टे चालू एवं दो बंद पाए गए। संचालित ईंट भट्टा इकाइयों से खनन विभाग द्वारा नियमानुसार जुर्माना वसूला गया, जबकि प्रदूषण विभाग द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में कहीं भी अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, संपत्ति की जप्ती एवं दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों, क्रशर एवं ईंट भट्टा इकाइयों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



