नीमडीह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

नीमडीह, 08 मार्च : नीमडीह प्रखंड के पंचायत सचिवालय टेंगाडीह तथा बाघाडीह ग्राम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डीएलएसए के पीएलवी शुभंकर महतो ने उपस्थित लोगों को महिला अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम निषेध तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर प्राधिकार से संपर्क कर मदद लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों के बीच कानूनी जागरूकता से संबंधित पुस्तिकाओं और पर्चियों का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर पीएलवी साधन महतो, माधुरी महतो, सुष्मिता गोपाल, बबीता गोप, ममता महतो, मंजू मंडल, बारकी महतो और कविता मंडल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।



