रांची जिले के 3.85 लाख महिलाओं को मिली मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि, 115 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि अंतरण

रांची, 02 अगस्त : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3,85,751 लाभुक महिलाओं को जून माह के लिए सम्मान राशि के रूप में ₹2500 प्रति लाभुक की दर से सीधे उनके आधार-संलग्न बैंक खातों में भुगतान किया गया है। इस योजना के तहत जिले में कुल ₹115 करोड़ 7 लाख 12 हजार 500 रुपये की राशि का अंतरण किया गया।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जानकारी दी कि यह योजना मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि लाभुक महिलाओं को हर माह ₹2500 की सम्मान राशि प्रदान की जाती है।

जून माह के लिए लाभुकों की संख्या (प्रमुख क्षेत्रों में):
कांके – 31,460
सदर (नगर निगम) – 26,881
मांडर – 23,249
बेड़ो – 20,564
चान्हो – 19,676
तमाड़ – 18,452
रातू – 18,424
ओरमांझी – 18,121
सभी प्रखंडों एवं नगर निगम क्षेत्रों की पूरी सूची रिपोर्ट में संलग्न है।
मई माह के लिए भी हुआ भुगतान :
योजना के तहत मई 2025 माह के लिए भी सभी पात्र लाभुकों को भुगतान किया गया है। प्रमुख आंकड़े निम्नलिखित हैं:
सदर (नगर निगम) – 4,666 लाभुक
सिल्ली – 4,381 लाभुक
कांके – 4,945 लाभुक
मांडर – 4,276 लाभुक
तमाड़ – 3,778 लाभुक
आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन जारी :
उपायुक्त ने बताया कि जिन लाभुकों के खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें योजना की राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है। ऐसे सभी लाभुकों से शीघ्र आधार सीडिंग कराने की अपील की गई है।
साथ ही जिले में लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य भी तेजी से चल रहा है। जिन लाभुकों का सत्यापन अब तक नहीं हो पाया है, उनसे कहा गया है कि वे अपनी आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर सत्यापन प्रपत्र प्राप्त करें और प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।



