जरियागढ़ के सोनू की हुई थी हत्या, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जरियागढ़ के सोनू की हुई थी हत्या, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार


संवाददाता खूंटी, 21 अगस्त : खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के सोटेया के रहने वाले 25 वर्षीय सोनू उरांव की मौत नदी के पानी में डुबकर नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। सोनू की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस कप्तान मनीष टोप्पो ने बताया कि 18 अगस्त को रनिया थाना अंतर्गत उलिहातु पडकाटोली गांव के नजदीक कारो नदी से एक व्यक्ति का शव मिला था। जिल्ल्का पहचान खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के सोटेया के रहने वाले बंधना उरांव के 25 वर्षीय पुत्र सोनू उरांव के रूप में किया गया था। पुलिस सोनू की मौत नदी में डूबने के कारण होने की बात मानकर अस्वभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल प्रारंभ किया।

जांच में हुई हत्या का खुलासा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सोनू उरांव 14 अगस्त को अपने मोटरसाइकिल से उसके गांव के सनिका मुंडा के साथ खूंटी गया था। उसी दिन शाम में सनिका मुंडा अपने साथी मधु मुंडा एवं अन्य के साथ मिलकर सोनू उरांव को तोरपा थाना क्षेत्र के गांव गिरुंग लेकर गया था। जहां उसे शराब पीलाने के बाद बीयर की बोतल से उसके सिर पर वार किया गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने इस मामले में मृतक के गांव के रहने वाले सनिका मुंडा, मधु मुंडा, काचु मुंडा और जगन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी ने अपना दोष स्वीकार करते हुए बताया कि शव को छिपाने के नियत से कुल्ला स्थित कारो नदी में पुल से फेंक दिया था।

पुरानी रंजीश बना कारण

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्याकांड के अनुसंधान के क्रम में पता चला कि पांच माह पहले मधु मुंडा के पिता डेबरा मुंडा का शव एक कुएं से बरामद हुआ था। मधु मुंडा को संदेह था कि उसके पिता की हत्या सोनू उरांव ने ही किया है। इसी संदेह के कारण मधु ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सोनू की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल और अन्य जगहों से कई अहम सबूत बरामद किए हैं। इनमें मृतक की होंडा मोटरसाइकिल, हत्या में प्रयुक्त तीन टूटी बीयर बोतलें, मृतक का चप्पल, हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो बाइक, चार मोबाइल फोन, डिस्पोजल गिलास, सिगरेट के टुकड़े, माचिस की तीलियां, शराब की बोतल का ढक्कन और मृतक के दस्तावेज (आधार, पैन, स्कूल आईडी, डेबिट कार्ड, पर्स व फोटो) आदि शामिल हैं।

Share This Article