जिला योजना (अनाबद्ध निधि) 2025-26 के प्रस्तावित योजनाओं के चयन को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक – 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिला योजना (अनाबद्ध निधि) 2025-26 के प्रस्तावित योजनाओं के चयन को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक – 

स्थानीय आवश्यकताओं एवं सतत विकास को प्राथमिकता देने पर जोर

 

सरायकेला, 11 जुलाई : जिला योजना (अनाबद्ध निधि) अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित योजनाओं के चयन एवं प्राथमिकता निर्धारण को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाएं स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित हों और उनका उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, अधोसंरचना विकास तथा लोकहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “सीमित संसाधनों का अधिकतम उपयोग तभी संभव है जब योजनाएं यथार्थपरक एवं परिणामपरक हों।” उन्होंने सामाजिक समावेशन, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी और वंचित वर्गों के उत्थान तथा सतत विकास के सिद्धांतों को प्राथमिकता देने की भी बात कही।

इस दौरान जिला योजना कार्यालय द्वारा पूर्ववर्षों में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा भी की गई, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाने हेतु सुझाव प्रस्तुत किए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक-सह-जिला योजना पदाधिकारी डॉ. अजय तिर्की, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article