केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो और प्रो. रविशंकर मौर्या सहित सरायकेला खरसावां जिले के अनेकों पदधारियों ने दिया इस्तीफा
सुदेश महतो को भेजा त्यागपत्र, ईचागढ़ में कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का इस्तीफा
चांडिल, 26 सितंबर : आजसू पार्टी को झारखंड में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 एवं 2024 के प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को भेज दिया है।
हरेलाल महतो के साथ पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं अखिल झारखंड पिछड़ा वर्ग महासभा के केंद्रीय संयोजक प्रोफेसर रविशंकर मौर्या ने भी आजसू पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भी अपना त्यागपत्र पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो को भेजा है।
हरेलाल महतो वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में आजसू के टिकट पर ईचागढ़ से चुनाव लड़ चुके हैं। पार्टी संगठन में उन्हें विभिन्न चुनावों में प्रभारी और सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी मिली थी। डुमरी, रामगढ़ और घाटशिला समेत विभिन्न विधानसभा उपचुनावों के अलावा पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई थी।
इधर, हरेलाल महतो के इस्तीफे के साथ ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की भी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंड अध्यक्ष, जिला समिति के कई पदाधिकारी, युवा आजसू, आजसू छात्र संघ समेत विभिन्न अनुषंगी इकाइयों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी इस्तीफा दिया है।
हालांकि, सामूहिक इस्तीफे देने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संख्या की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।
हरेलाल महतो और प्रो. रविशंकर मौर्या के इस्तीफे के बाद ईचागढ़ की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। अब दोनों नेताओं के अगले राजनीतिक कदम के साथ-साथ उनके समर्थकों की आगे की रणनीति पर भी नजर रहेगी।
2018 में निकाय चुनाव लड़ चुके हैं प्रोफेसर रविशंकर मौर्या
पार्टी से इस्तीफा देने वालों में प्रोफेसर रविशंकर मौर्या भी शामिल हैं। वह 2018 के झारखंड निकाय चुनाव लड़ चुके हैं। आदित्यपुर नगर निगम से उपमहापौर के पद के लिए आजसू समर्थित प्रत्याशी के तौर पर मैदान में थे, जिसमें उनका बेहतर प्रदर्शन था। आजसू पार्टी में सांगठनिक दृष्टिकोण से प्रोफेसर रविशंकर मौर्या अहम भूमिका निभा रहे थे।



