जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, तीन दिनों तक दिखेगा युवा खिलाड़ियों का दमखम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, तीन दिनों तक दिखेगा युवा खिलाड़ियों का दमखम

सरायकेला, 02 जुलाई : झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिला स्तरीय सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने किया। प्रतियोगिता 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होगी, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग की एक-एक टीम भाग ले रही है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और विद्यालय स्तर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देती हैं तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती हैं।

जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि सुब्रतो कप प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है। विभाग विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, खेल शिक्षक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी आगे राज्य स्तरीय सुब्रतो कप प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Share This Article