आजसू पार्टी को एक और झटका, चांडिल की पूर्व प्रमुख अमला मुर्मू ने दिया इस्तीफा
चांडिल, 09 अक्टूबर : आजसू पार्टी में नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला जारी है। पार्टी के कई नेताओं के अलविदा कहने के बीच अब चांडिल की तत्कालीन प्रमुख अमला मुर्मू ने भी आजसू पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे से क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अमला मुर्मू की आदिवासी समुदाय और महिलाओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनके पार्टी छोड़ने को चांडिल क्षेत्र में आजसू पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में आजसू पार्टी में लगातार राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। ऐसे में अमला मुर्मू का इस्तीफा पार्टी के लिए एक और झटका माना जा रहा है। हालांकि, उनके इस्तीफे के स्पष्ट कारणों और आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।



