जमशेदपुर में सड़क हादसों पर रोकथाम को लेकर बैठक, ब्लैक स्पॉट पर बढ़ेगी निगरानी
जमशेदपुर, 16 सितंबर : शहर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को धालभूम अनुमंडल कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने की। इस दौरान दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात नियमों के अनुपालन और सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता के अनुसार यातायात संकेतक, रोड मार्किंग, स्पीड लिमिट साइनेज सहित अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।
अधिक गति से वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा अनधिकृत पार्किंग जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
शहरी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और जंक्शनों पर ट्रैफिक फ्लो, पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण, भारी वाहनों की आवाजाही और पीक आवर में बढ़ने वाले यातायात दबाव की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार संयुक्त निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
एसडीओ ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, एजुकेशन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स के समन्वित दृष्टिकोण से कार्रवाई करने तथा आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात, मोटरयान निरीक्षक, जुस्को, ट्रांसपोर्ट एवं ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



