होली से पहले उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन: 3 अवैधशराब चुलाई अड्डे ध्वस्त, 500 किलो जावा महुआ नष्ट – नशे के खिलाफ प्रशासन का सख्त संदेश – “स्वस्थ और सुरक्षित होली मनाएं”

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

होली से पहले उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन: 3 अवैधशराब चुलाई अड्डे ध्वस्त, 500 किलो जावा महुआ नष्ट – नशे के खिलाफ प्रशासन का सख्त संदेश – “स्वस्थ और सुरक्षित होली मनाएं”

 

चांडिल , 02 मार्च : आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में सोमवार को चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु के समीप चाकुलिया एवं भादूडीह गांव में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के तीन चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया। मौके से लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया, जबकि 35 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। यह कार्रवाई होली के दौरान अवैध मदिरा की संभावित खपत और उससे जुड़ी अप्रिय घटनाओं को रोकने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत घातक है। मिलावटी या अवैध तरीके से तैयार की गई शराब कई बार जानलेवा साबित होती है। ऐसे में आमजन से अपील की गई है कि वे नशे से दूर रहकर सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाएं।

बरामदगी के आधार पर संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि होली तक जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में इस तरह की सघन छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

संदेश साफ है – “नशा छोड़ें, खुशियों से होली जोड़ें।”

Share This Article