महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग, एसडीपीओ को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग, एसडीपीओ को सौंपा ज्ञापन

चांडिल, 12 फरवरी : आगामी 15 एवं 16 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चांडिल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में फदलोगोड़ा क्षेत्र से होकर दलमा पहाड़ स्थित शिव स्थलों की ओर जाने वाले मार्ग पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु फलोगोड़ा मार्ग से दलमा की ओर जाते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट, चोरी एवं अभद्र व्यवहार की घटनाएं अंजाम देने की शिकायतें पूर्व में मिल चुकी हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि खुलेआम हथियार लहराने और गाली-गलौज कर माहौल बिगाड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भय का वातावरण बना रहता है।

क्षेत्रवासियों ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। साथ ही, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर गश्ती दल एवं निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्ष असामाजिक गतिविधियों का विरोध करने पर कुछ लोगों पर हमला भी किया गया था। ऐसे में इस वर्ष पूर्व से ही पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाने की आवश्यकता है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Share This Article