जमीन विवाद में रची गई थी पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या

सात आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर अब भी फरार
खूंटी, 13 जनवरी : बहुचर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में खूंटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने पत्रकार सम्मेलन में दी।
गौरतलब है कि 7 जनवरी की शाम जमुआदाग इलाके में अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या कर दी थी। इस घटना से पूरे खूंटी जिले समेत राज्य भर में आक्रोश फैल गया था। आदिवासी संगठनों ने 8 जनवरी को खूंटी जिला बंद बुलाया था, जबकि विभिन्न राजनीतिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए 17 जनवरी को झारखंड बंद का अल्टीमेटम दिया था।
एसपी ने बताया कि पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि जमीन विवाद को लेकर सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड देवव्रत नाथ सहदेव है, जो जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ है और पूर्व में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में भी आरोपी रह चुका है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।



