श्री शनिदेव भक्त मंडली ने ब्रेन हैमरेज पीड़ित सदस्य की सहायता हेतु दिए 71 हजार

जमशेदपुर, 30 दिसंबर : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) अपनी निरंतर सामाजिक सेवा के लिए जानी जाती है। वर्ष 2025 की अंतिम सेवा के रूप में मंडली ने अपने सदस्य पुत्र राखाल भगत के इलाज हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया। राखाल भगत जून 2025 में ब्रेन हैमरेज से पीड़ित हुए थे। 35 वर्षीय राखाल परिवार में एकमात्र कमाऊ सदस्य हैं तथा आठ बहनों के बीच अकेले भाई हैं।
राखाल का पहला ऑपरेशन जून माह में टाटा मुख्य अस्पताल में तथा दूसरा ऑपरेशन अक्टूबर में किया गया। अब तक इलाज में लगभग 9 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि आगे के इलाज में लगभग 1 लाख रुपये और खर्च होने का अनुमान है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडली के सक्रिय सदस्यों से चंदा एकत्र कर मंडली द्वारा राखाल भगत के निवास धानी बस्ती, कालिकापुर, पोटका में 71,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंडली संस्थापक संरक्षक, अध्यक्ष राजेश चांचरा, सचिव उज्जवल घोष, मंटू सिंह मोदक, मानिक गोराई एवं पद्मा शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



