उपायुक्त की अध्यक्षता में बाल विवाह उन्मूलन पर कार्यशाला आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उपायुक्त की अध्यक्षता में बाल विवाह उन्मूलन पर कार्यशाला आयोजित

सरायकेला, 03 दिसंबर : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में “बाल विवाह उन्मूलन एवं रोकथाम” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यक्रम में जिले के सभी SDM, BDO, CO, CDPO, BEEO, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय/महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा महिला पर्यवेक्षिकाएँ शामिल हुईं।

उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विशेष कार्यशालाएँ आयोजित कर समाज को जागरूक किया जाए। साथ ही बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए संचालित सभी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुँचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में DLSA सचिव तौसीफ़ मिराज ने बाल विवाह संबंधित कानूनी प्रावधानों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकथाम सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है, जिसके लिए समुदाय की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

इस दौरान नुआगाँव निवासी बेबी महतो ने बाल विवाह के विरुद्ध अपने संघर्ष की कहानी साझा की और बताया कि प्रशासनिक हस्तक्षेप से उनका विवाह समय रहते रोका जा सका। कार्यक्रम में बाल विवाह पर आधारित जिले की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी शुभारंभ किया गया, जिसे जागरूकता वाहनों के माध्यम से जिलेभर में प्रदर्शित किया जाएगा।

अंत में उपायुक्त ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई और बेबी महतो को साहसिक पहल के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Share This Article