डीसी के जनता दरबार में पहुंचा कपाली के गौरी का जमीन विवाद मामला, समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला भरोसा

सरायकेला, 26 सितंबर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित हुआ। इसमें जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ रखीं।
उपायुक्त ने फरियादियों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदन का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में इचागढ़ सालुकडीह में चयनित सेविका को नियुक्ति पत्र देने, रैयती भूमि पर अवैध रूप से ईंट भट्टा संचालन, आदित्यपुर नगर निगम द्वारा लाल बिल्डिंग क्षेत्र में बिना नोटिस दिए दुकान हटाने और सामग्री जब्त करने, परिशोधन पोर्टल पर नामांतरण से जुड़ी समस्या, चांडिल प्रखंड अंतर्गत कपाली ओपी के गौरी में जमीन विवाद, राशन कार्ड में नाम सुधार, वृद्धा पेंशन योजना का लाभ अवरुद्ध होने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
डीसी ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध ईंट भट्टों की जाँच कर कार्रवाई करने, अंचलाधिकारी सरायकेला को नामांतरण मामलों के त्वरित निष्पादन, तथा वृद्धा पेंशन व राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना है, जिसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।



