जिले के 27 क्रय केंद्रों में 15 दिसंबर से शुरू होगा धान क्रय, 2450 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिले के 27 क्रय केंद्रों में 15 दिसंबर से शुरू होगा धान क्रय, 2450 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी

सरायकेला, 13 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिला प्रशासन द्वारा जिले में धान क्रय कार्य 15 दिसंबर से प्रारंभ किए जाने की सूचना दी गई है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 27 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के तहत धान की खरीद की जाएगी। इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

इस संबंध में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने धान क्रय से जुड़े पैक्स (PACS) संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों से शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा धान क्रय की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर तौल, भंडारण, पेयजल एवं बैठने जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उपायुक्त ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे बिचौलियों के झांसे में न आएं और अपनी उपज केवल सरकार द्वारा अधिकृत धान क्रय केंद्रों पर ही बेचें, जिससे उन्हें निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।

जिला प्रशासन द्वारा धान क्रय कार्य की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनी रहे।

Share This Article