सांसद खेल महोत्सव के तहत चांडिल में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित

चांडिल, 13 दिसंबर : सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को चांडिल के कटिया स्थित बिरसा स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 16 टीम बालक वर्ग एवं 3 टीम बालिका वर्ग की शामिल रहीं। बालिका वर्ग में रुदिया फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पुरुष वर्ग में पाटा फुटबॉल क्लब विजेता रहा।
इस संबंध में बताया गया कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि गांव के खिलाड़ी प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। इसी उद्देश्य के तहत रांची लोकसभा क्षेत्र की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। इन सभी विधानसभा स्तरीय विजेता टीमों का फाइनल मुकाबला 25 दिसंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा।
मैच के समापन के पश्चात सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। फुटबॉल महासंगम का उद्घाटन सरायकेला-खरसावां भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव ने किया। उद्घाटन अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बैंड पर आकर्षक प्रस्तुति देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री मधु गोराई, जिला मंत्री मनोज कुमार महतो, रमेंद्र कुमार, रतन अग्रवाल, राजू रजक, आनंद गोप, विशाल चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान चिकित्सीय दल एवं चांडिल थाना की पुलिस का भी सहयोग रहा।



