मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस सतर्क, दुगुनी पुलिस केंद्र में किया गया एंटी रॉयट मॉक ड्रिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस सतर्क, दुगुनी पुलिस केंद्र में किया गया एंटी रॉयट मॉक ड्रिल


दंगा रोधी उपकरणों का हुआ भौतिक सत्यापन, उपद्रव नियंत्रण के लिए दी गई आवश्यक ट्रेनिंग

सरायकेला, 05 जुलाई : आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार दुगुनी स्थित पुलिस केंद्र में Anti Riot Mock Drill का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति अथवा किसी भी संभावित उपद्रव के दौरान प्रभावी ढंग से भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों को परखना था।

ड्रिल के दौरान दंगा रोधी सुरक्षा उपकरणों के साथ पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्हें विभिन्न परिस्थियों में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अभ्यास में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को त्योहार के दौरान उत्पन्न होनेवाली किसी भी आपातकालीन स्थिति में उपद्रवियों से निपटने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

वहीं, जिले के विभिन्न थानों में उपलब्ध दंगा रोधी उपकरणों का भौतिक सत्यापन भी किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें त्वरित रूप से उपयोग में लाया जा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।

Share This Article