गम्हरिया में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 31 पेटी विदेशी शराब जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गम्हरिया में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 31 पेटी विदेशी शराब जब्त

गम्हरिया, 23 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार की गई छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद अधीक्षक के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में रविवार को अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापामारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

छापामारी के दौरान राजू कैवर्त के घर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। विभाग ने मौके से कुल 31 पेटी विदेशी शराब जब्त की। इसके अलावा एक हीरो मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग शराब की ढुलाई में किए जाने की आशंका है।

उत्पाद विभाग ने बताया कि संचालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि शराब को अवैध बिक्री व सप्लाई के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर संग्रहित किया गया था।

सरायकेला जिला के उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर भविष्य में और भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छापामारी दल में आदित्यपुर अंचल के उत्पाद अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित और गृह रक्षक बल के बरियार हेंब्रम, रंजीत कुमार और अन्य जवान शामिल थे।

Share This Article