एमजीएम मेडिकल कॉलेज के लाइब्रेरी भवन में लगी आग, मची अफरा-तफरी
जमशेदपुर, 26 मई : जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित लाइब्रेरी भवन में मंगलवार शाम करीब सवा चार बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे लाइब्रेरी भवन और कैफेटेरिया धुएं से भर गया।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज एवं अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए परिसर में मौजूद पांच फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैटरियों में हुए ब्लास्ट के कारण आग तेजी से फैली, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया।
आग बुझाने में होमगार्ड जवानों ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान होमगार्ड प्रभारी समेत कई जवानों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।