कदमा में दुर्गा पूजा पंडाल का पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर, 27 सितंबर : कदमा क्षेत्र में दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर है। शनिवार को कदमा शास्त्रीनगर दुर्गा पूजा कमिटी और कदमा उत्कल दुर्गा पूजा कमिटी के संयुक्त पंडाल का उद्घाटन पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में माथा टेककर समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा का उत्साह और भक्ति का वातावरण पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है।
पूर्व मंत्री ने विश्वास जताया कि मां दुर्गा की कृपा सभी के जीवन में सदैव बनी रहे और समाज में शांति एवं सौहार्द कायम रहे।
वहीं, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों का आदर करते हुए हर तरह की व्यवस्था की है। दुर्गोत्सव को लेकर सरकार ने सभी आवश्यक तैयारी की है, श्रद्धालुओं को पूजा करने एवं मेला घूमने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान पूजा कमिटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



