एस आई आर में दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए विशेष शिविर, प्रपत्र-6 के जरिए हुआ पंजीकरण

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

जमशेदपुर, 12 सितंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान SIR-2026 के तहत शनिवार को पुराना बाराद्वारी स्थित राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संघ परिसर में दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित निर्वाचन टीम मौजूद रही।

शिविर में कई दृष्टिबाधित मतदाताओं ने भाग लेकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 भरा। इनमें सहायक निबंधक, सहकारी समितियां विवेक कृष्ण सिंह, टाटा कंपनी के पूर्व कर्मचारी, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कर्मचारी सहित विभिन्न बैंकों में कार्यरत दृष्टिबाधित कर्मचारी, उद्यमी और अन्य पात्र मतदाता शामिल हुए।

निर्वाचन टीम ने मतदाताओं को प्रपत्र-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाना और उनकी निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि SIR-2026 के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को पंजीकरण में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Share This Article