भेदभावपूर्ण PLI के विरोध में बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 5 Day बैंकिंग लागू करने की मांग
जमशेदपुर, 11 सितंबर : भेदभावपूर्ण और मनमाने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के विरोध तथा लंबे समय से लंबित 5-Day बैंकिंग की मांग को लेकर शुक्रवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एसएसआई शाखा, बिष्टुपुर में बैंक कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जमशेदपुर की विभिन्न शाखाओं के बैंककर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में जमशेदपुर मेन, एसएसआई बिष्टुपुर, आमबगान, टिनप्लेट, साकची बाजार समेत कई शाखाओं के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव को स्वीकार नहीं करने की बात कही।
सभा को कॉ. हरेंदु शर्मा, कॉ. माझो राम माझी, कॉ. प्रभाकर, कॉ. संगीता जायसवाल, कॉ. श्रुति सरिता, कॉ. अदिति प्रकाश, कॉ. प्रिया सुधाकर और कॉ. मनीष समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि PLI की व्यवस्था न्यायपूर्ण और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों को उनके योगदान के अनुरूप उचित लाभ मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने मनमाना और भेदभावपूर्ण PLI बंद करने तथा 5-डे बैंकिंग को अविलंब लागू करने की मांग उठाई। बैंककर्मियों ने कहा कि 5-डे बैंकिंग उनकी लंबे समय से लंबित मांग है और इसे लागू किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में संतोष कुमार, अमित पांडे, मनोज कुमार, शौकत अली सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को आगे भी मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।



