चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच की संवाद यात्रा को कुकड़ू में मिला व्यापक समर्थन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विस्थापित ग्रामीणों ने हक-अधिकार की लड़ाई में एकजुट रहने का लिया संकल्प

कुकड़ू, 11 सितंबर : चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच की संवाद यात्रा शुक्रवार को कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न विस्थापित गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने विस्थापित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, पुनर्वास से जुड़े मुद्दों और अधिकारों पर चर्चा की। संवाद यात्रा को प्रखंड के विभिन्न विस्थापित गांवों में व्यापक समर्थन मिलने का दावा मंच की ओर से किया गया।

यात्रा कारकीडीह, ऐदलडीह और डेङे होते हुए कुकड़ू हाट पहुंची। यहां बांदावीर, चौका, आदारडीह, चानो, जानूम, पलाशडीह, सपादा, चोरटखाल, तिरुलडीह, सिरकाडीह और कुदा समेत विभिन्न गांवों के विस्थापित ग्रामीणों के साथ संवाद किया गया। मंच के सदस्यों ने हाट में नारे लगाते हुए पर्चे भी वितरित किए और लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।

इसके बाद संवाद यात्रा कुकड़ू पुनर्वास स्थल, सिरुम पुनर्वास स्थल, झापागोड़ा, दयापुर, कुमारी, उदाटांड, दुलमी ओड़िआ, मुरू और हेंसालोंग होते हुए बांदू (हेबेन) पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि वे अपने हक और अधिकार की लड़ाई में मंच के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीणों से मिले समर्थन से विस्थापितों की आगे की लड़ाई को नई ऊर्जा मिली है।

संवाद यात्रा में जितेंद्र नाथ महतो, नारायण गोप, राकेश रंजन महतो, अंबिका यादव, श्यामल मार्डी, अंजित किस्कू, जरासिंधू गोप, अर्जुन कैर्वत, आकलू धीवर सहित बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article