चांडिल-चौका में नकली लॉटरी पर असर : आज सड़कों पर सन्नाटा, लेकिन ऑनलाइन कारोबार जारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल-चौका में नकली लॉटरी पर असर : आज सड़कों पर सन्नाटा, लेकिन ऑनलाइन कारोबार जारी

चांडिल, 28 अगस्त : कल MANBHUM UPDATES पर प्रकाशित समाचार का आंशिक असर आज चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में साफ देखने को मिला। प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी की बिक्री आज पूरे क्षेत्र में ठप रही। चांडिल चौक बाजार, बस स्टैंड, गोलचक्कर, चांडिल स्टेशन चौक, चिलगु, चौका मोड़ आदि इलाकों में जहां प्रतिदिन सुबह-सुबह लॉटरी बेचने और खरीदने वालों का जमावड़ा लगता था, वहां आज पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा।

हालांकि, लॉटरी कारोबारियों ने अब नया रास्ता निकाल लिया है। जानकारी के अनुसार, आज भले ही चौक-चौराहों और दुकानों पर खरीद-बिक्री बंद रही हो, लेकिन व्हाट्सएप के जरिये यह कारोबार जारी है। एजेंट अपने रेगुलर ग्राहकों को व्हाट्सएप पर टिकट भेज रहे हैं और खरीदार ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं। इस तरह नकली लॉटरी का धंधा आज भी वर्चुअल रूप से चलता रहा।

प्रतिबंधित लॉटरी की बिक्री का खुलासा

इसके अलावा, कुछ एजेंटों ने आज नकली लॉटरी की जगह पश्चिम बंगाल की लॉटरी बेची है। गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम और नागालैंड की लॉटरी को राज्य में प्रतिबंधित किया हुआ है। बावजूद इसके इनकी बिक्री गुपचुप तरीके से जारी है।

प्रशासन के लिए चुनौती

यह स्थिति प्रशासन के लिए नई चुनौती पेश कर रही है। एक ओर स्थानीय स्तर पर खुली बिक्री रुकना राहत की बात है, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन माध्यम से जारी यह गोरखधंधा प्रशासन की पकड़ से बाहर होता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन ऑनलाइन लॉटरी बिक्री पर कैसे नकेल कसता है।

Share This Article