नया बाईपास रोड पर सड़क हादसा : ट्रक से टकराई ओमिनी वैन, तीन घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नया बाईपास रोड पर सड़क हादसा : ट्रक से टकराई ओमिनी वैन, तीन घायल

चांडिल, 27 अगस्त : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बाईपास रोड पर पितकी के समीप बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ओमिनी वैन ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कांटाडीह (पश्चिम बंगाल) निवासी अजय मुखर्जी (चालक), राहुल अंसारी व राजा अंसारी हर सप्ताह की तरह चाईबासा हाट में बीज बेचने गए थे। मंगलवार देर रात वे चाईबासा से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी ओमिनी वैन पितकी के पास खड़े एक ट्रक से जोरदार टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसकी लाइटें बंद थीं। अंधेरे में कुछ दिखाई नहीं देने के कारण ओमिनी वैन चालक सीधा ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओमिनी वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अजय मुखर्जी गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की, लेकिन चालक को बाहर निकालने में सफल नहीं हो पाए। इसके बाद सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगाकर ओमिनी वैन के क्षतिग्रस्त हिस्से को अलग किया और चालक को बाहर निकाला। तत्पश्चात पुलिस ने घायल चालक अजय मुखर्जी सहित तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद हादसे में शामिल ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़कों पर खड़े भारी वाहनों की जांच और उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके।

Share This Article