जमशेदपुर में जनशिकायत निवारण दिवस, उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, कई मामलों का हुआ त्वरित समाधान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर में जनशिकायत निवारण दिवस, उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, कई मामलों का हुआ त्वरित समाधान

जमशेदपुर, 08 अगस्त 2025 : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जनशिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और सामुदायिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

शिकायतों में पेंशन, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ, भूमि विवाद एवं अतिक्रमण, घर एवं जमीन से जुड़े उत्पीड़न, बिजली समस्या, विस्थापन से जुड़े मुद्दे, दुकान आवंटन, स्टे ऑर्डर, बार लाइसेंस, स्कूल से टीसी जारी करने, पारिवारिक विवाद, कचरा निस्तारण, दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ, रोजगार, चिकित्सा सहायता सहित अन्य मुद्दे शामिल थे।

उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन का निर्देश दिया। कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से गंभीर और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया और जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री सत्यार्थी ने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याएं बिना किसी देरी के हल हो सकें।

Share This Article