सरायकेला-खरसावां में जनता दरबार: आवास, मइया सम्मान योजना और स्कूल फीस समेत कई मामलों पर सुनवाई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां में जनता दरबार: आवास, मइया सम्मान योजना और स्कूल फीस समेत कई मामलों पर सुनवाई

सरायकेला, 06 मार्च : समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिनकी उन्होंने क्रमवार और गंभीरतापूर्वक सुनवाई की।

जनता दरबार में ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत बांदु पंचायत के एक लाभुक को अंबेडकर आवास योजना का लाभ दिलाने और झारखंड मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया। इसके अलावा ईचागढ़ प्रखंड में तत्कालीन ग्राम प्रधान के स्थान पर नए ग्राम प्रधान के चयन से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किया गया।

वहीं, सरायकेला स्थित निजी विद्यालय सेंट फ्रांसिस स्कूल के खिलाफ यह शिकायत भी सामने आई कि विद्यार्थियों को निर्धारित मूल्य पर विद्यालय परिसर स्थित स्टोर से ही पुस्तक और शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर लैम्प्स में धान अधिप्राप्ति से संबंधित लंबित राशि के भुगतान का मामला भी जनता दरबार में उठाया गया।

उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, अंचल कार्यालयों और नगर निकायों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तुत शिकायतों की विधिसम्मत, त्वरित और निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां तत्काल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि आम नागरिकों को जल्द न्याय और राहत मिल सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में आने वाले मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो सके।

Share This Article