पूर्वी सिंहभूम में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक, डीडीसी ने दिए समयबद्ध लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश

जमशेदपुर, 08 अगस्त 2025 : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने की। इस दौरान समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री पोषण योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
डीडीसी ने जिले के शेष करीब 2000 बच्चों के बैंक खाते इसी माह में खोलने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, विद्यालयवार शिक्षक और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को गुरू गोष्ठियों के माध्यम से अभिभावकों से संपर्क कर विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि DBT के माध्यम से सभी पात्र छात्रों तक राशि समय पर पहुंचे। यदि राशि वापस लौट गई है तो कारण चिन्हित कर जिला कल्याण पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जाए।
साइकिल वितरण योजना के तहत सभी पात्र छात्रों को 22 अगस्त 2025 तक साइकिल उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विद्यालयों में 15 अगस्त तक 100% पौधारोपण सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीडीसी ने शिक्षकों को इस माह के भीतर सतत एवं पेशेवर विकास प्रशिक्षण (CDP) पूरा करने और मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार हेतु सभी विद्यालयों का एक सप्ताह में पंजीकरण कर आवश्यक फोटोग्राफ अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, प्रतिदिन ई-विद्यावाहिनी पर छात्र उपस्थिति अपलोड करना अनिवार्य बताया गया और अनुपालन न करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं और लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



