एक साल से अटकी गृहरक्षक जवानों की बहाली, अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से लगाई गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

वर्ष 2025 में आवेदन लेने के बाद भी आगे नहीं बढ़ी प्रक्रिया, अभ्यर्थियों ने जल्द बहाली शुरू कराने की मांग की

 

जमशेदपुर, 21 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले में गृहरक्षक जवानों की बहाली प्रक्रिया करीब एक साल से अटकी हुई है। वर्ष 2025 में बहाली के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन तो जमा करा लिए गए, लेकिन इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। लंबे समय से इंतजार कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने अब जिला प्रशासन से बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है।

इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। अभ्यर्थियों ने बताया कि बहाली प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर इससे पहले भी उपायुक्त को पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा किया है और करीब एक वर्ष से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, राज्य के कई अन्य जिलों में गृहरक्षक जवानों की बहाली प्रक्रिया पूरी होने की बात कहते हुए उन्होंने पूर्वी सिंहभूम में भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन से मामले में पहल करते हुए लंबित बहाली प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने की अपील की है। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रक्रिया अटके रहने के कारण अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन यदि जल्द निर्णय लेता है तो इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सकेगी।

Share This Article