जमशेदपुर : दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने चाकुलिया में निकलेगी भव्य शोक रैली, विधायक समीर मोहंती ने की अपील

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर : दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने चाकुलिया में निकलेगी भव्य शोक रैली, विधायक समीर मोहंती ने की अपील

जमशेदपुर, 06 अगस्त : बहरागोड़ा विधानसभा अंतर्गत चाकुलिया झामुमो कार्यालय में बुधवार को एक आपातकालीन बैठक सह शोक सभा का आयोजन किया गया। यह बैठक झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंडी अस्मिता के प्रतीक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक प्रकट करने के लिए बुलाई गई थी। सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे, बल्कि उन्होंने आदिवासी समाज और वंचितों की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाया। उनका जीवन संघर्ष और सेवा की मिसाल है।

बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त को चाकुलिया में एक भव्य शोक रैली का आयोजन किया जाएगा, जो पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगी। इस रैली में झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ-साथ दिशोम गुरु के सैकड़ों समर्थक भाग लेंगे और उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

विधायक समीर मोहंती ने झामुमो कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की है कि वे भारी संख्या में उपस्थित होकर दिशोम गुरु को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति और सामाजिक चेतना में शिबू सोरेन का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।

Share This Article