खरसावां में तेज रफ्तार का कहर, होंडा शोरूम में घुसी इंडिगो कार, बाल-बाल बचा युवक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खरसावां, 18 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां-कुचाई सड़क पर देहरूडीह में तेज रफ्तार इंडिगो कार अनियंत्रित होकर होंडा शोरूम परिसर तक घुस गई। शोरूम में अचानक तेज रफ्तार कार के घुसने के बाद अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में शोरूम के बाहर खड़ा एक युवक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, वहीं शोरूम के बाहर रखे दो बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में शोरूम के पास एक घर का टीना शेड भी टूट गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो कार (जेएच 05 एएफ 3268) कुचाई से खरसावां की ओर आ रही थी। कार में खरसावां के बैजनाथपुर गांव निवासी रौशन राउत और पदमपुर-तेलीसाही गांव निवासी विवेक साहू सवार थे। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार मुख्य सड़क से करीब 15 से 20 फीट अंदर जाकर सीधे होंडा शोरूम के पास तक घुस गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त एक युवक शोरूम के बाहर मौजूद था, लेकिन उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में कार सवार दोनों युवकों को भी चोट लगी है। हालांकि हादसे के बाद दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे।

सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि खरसावां-कुचाई मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम बात हो गई है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और वाहन जांच अभियान तेज करने की मांग की है।

Share This Article