पटमदा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम की उम्मीदें जगीं : पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने किया स्थल निरीक्षण

जमशेदपुर/पटमदा, 06 अगस्त : पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी ने आज पटमदा अंचल के गेंगाड़ा गांव स्थित लगभग 50 एकड़ सरकारी भूमि का स्थल निरीक्षण किया। यह दौरा क्षेत्र में क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की संभावनाओं को लेकर किया गया, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने की उम्मीद जगी है।
सौरभ तिवारी ने कमलपुर थाना क्षेत्र के कटिंग चौक से गोपालपुर होते हुए गेंगाडा तक जाने वाले मुख्य मार्ग की संकीर्णता को लेकर चिंता जताई और कहा कि “यदि इस सड़क का चौड़ीकरण किया जाता है, तो यहां एक भव्य और आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा सकता है।”
उन्होंने इस क्षेत्र को “भविष्य के खेल विकास के लिए उपयुक्त स्थान” बताते हुए प्रशासन से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर पटमदा अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, कमलपुर थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक, अंचल अमीन एवं राजस्व विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्थल की तकनीकी जानकारी सौरभ तिवारी को उपलब्ध कराई और आवश्यक सर्वेक्षण संबंधी जानकारियाँ साझा कीं।
स्थानीय युवाओं में खुशी की लहर
पूर्व क्रिकेटर द्वारा स्थल निरीक्षण की खबर मिलते ही स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि स्टेडियम निर्माण से न केवल स्थानीय स्तर पर खेल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।



