पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी गुरूजी को अंतिम विदाई, लिखा भावुक पोस्ट

रांची, 05 अगस्त : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। नेता, कार्यकर्ता और आमजन भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी गुरूजी को भावभीनी विदाई दी और एक मार्मिक पोस्ट के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बन्ना गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा — “अंतिम जोहार बाबा। मेरे राजनीतिक जीवन के आप सिर्फ अभिभावक न थे, बल्कि संघर्ष के जीवन से लेकर विपरीत परिस्थितियों तक मेरे मार्गदर्शक रहे। जब भी चाहा, आपका स्नेह, आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ।”
उन्होंने आगे लिखा —
“बाबूजी के जाने के बाद मैंने आपको अपना अभिभावक माना और एक अभिभावक रूपी पिता के रूप में आपने हमेशा स्नेह दिया। आज मन द्रवित है, मायूस है, दुःखी है। एक राजनीतिक शून्यता और नेपथ्य के वातावरण के साथ झारखंड के हर कोने-कोने से सुनाई दे रही है सिर्फ एक आवाज…. ‘गुरूजी अमर रहें! शिबू सोरेन अमर रहें!’”
गौरतलब है कि गुरूजी के निधन के बाद राज्य के तमाम राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज किया जाएगा। रांची के मोरहाबादी स्थित आवास से शिबू सोरेन का पार्थिव देह को लेकर परिजन नेमरा के लिए रवाना हो गए हैं।



