शिबू सोरेन का गृह प्रखंड गोला स्वतः बंद, शोक में डूबा इलाका

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शिबू सोरेन का गृह प्रखंड गोला स्वतः बंद, शोक में डूबा इलाका

नेमरा में अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी, CM हेमंत सोरेन रांची से रवाना

रांची/रामगढ़, 05 अगस्त: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है। वहीं, उनका गृह प्रखंड गोला (जिला रामगढ़) भी इस दुखद समाचार से गमगीन है।

आज सुबह से ही गोला प्रखंड स्वतः बंद है। बाजार पूरी तरह से बंद हैं, सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इस बंदी को लेकर न तो किसी संगठन ने आह्वान किया, और न ही किसी राजनीतिक दल या समूह ने दुकानों को बंद कराया। स्थानीय लोग स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिशोम गुरु को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों की मानें तो शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक अभिभावक, मार्गदर्शक और जननेता थे, जिनसे लोगों का भावनात्मक जुड़ाव था। उनका निधन सिर्फ एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि एक युग का अंत है।

इस बीच, गुरुजी का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव नेमरा लाया जा रहा है, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला रांची से नेमरा के लिए रवाना हो चुका है। अंतिम संस्कार के लिए गांव में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गांव-घर से लेकर प्रशासन तक हर कोई शोक में डूबा है। झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को आकार देने वाले दिशोम गुरु को आज अंतिम विदाई दी जाएगी, लेकिन उनकी स्मृतियां और योगदान सदैव जीवित रहेंगे।

 

(ManbhumUpdates.com के लिए विशेष रिपोर्ट)

Share This Article