घोड़ाबांधा ग्रामवासियों ने मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ हेतु जाहेरथान में की पूजा-अर्चना

जमशेदपुर, 03 अगस्त : झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर आज घोड़ाबांधा ग्राम में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। ग्रामवासियों ने पारंपरिक जाहेरथान में एकत्र होकर मारंग बुरु, जाहेर आयो, लिटा गोंसाई और मोड़े को तुरुय से मंत्री श्री सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
ग्राम के माझी बाबा और नायके के रूप में भी रामदास सोरेन की भूमिका रही है, ऐसे में ग्रामवासियों का उनसे भावनात्मक जुड़ाव और भी गहरा है। पूजा में ग्राम के बुद्धिजीवी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं युवा वर्ग सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में मंत्री के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि शनिवार सुबह अपने आवास पर बाथरूम में फिसलकर श्री सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी में इलाज कर रही है।
ग्रामवासियों की यह सामूहिक आस्था इस कठिन समय में मंत्री रामदास सोरेन के प्रति गहरी संवेदना और समर्थन को दर्शाती है।



