देवघर बस हादसे में मृतकों को मुआवजा, मंत्री इरफान अंसारी ने कहा– “निशिकांत दुबे जैसे नेताओं के भ्रामक ट्वीट से परेशान हूँ”

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

देवघर बस हादसे में मृतकों को मुआवजा, मंत्री इरफान अंसारी ने कहा– “निशिकांत दुबे जैसे नेताओं के भ्रामक ट्वीट से परेशान हूँ”

रांची/देवघर, 29 जुलाई  : देवघर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक बस दुर्घटना में छह कांवड़ियों की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस बासुकीनाथ धाम की ओर जा रही थी और मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ के पास गैस सिलेंडर लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और राहत-बचाव कार्य में जुट गया।

देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने घटना को मानवीय भूल का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों के परिजनों को बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी देवघर सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के साथ-साथ मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घोषणा की कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इस बीच, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस हादसे में 18 लोगों की मौत होने का दावा किया। इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सांसद को संवेदनशील होना चाहिए। जब वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं हैं तो ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “मैं इन जैसे नेताओं के भ्रामक ट्वीट से अब परेशान हो चुका हूँ।”

Share This Article