जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का ग्रामीणों ने किया पुतला दहन, लगाया बालू कारोबार में हस्तक्षेप का आरोप, कहा- रोजगार छीन रही हैं मधुश्री, किया जाएगा चरणबद्ध आंदोलन

नीमडीह, 18 जुलाई : चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू हाट तोला में शुक्रवार को कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का पुतला दहन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने “मधुश्री महतो मुर्दाबाद”, “मधुश्री महतो हाय-हाय” जैसे नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने 12 जुलाई को नीमडीह थाना क्षेत्र के सिरूम गांव में दो बालू लदे वाहनों को चालान रहने के बावजूद जब्त कर विभाग को सौंप दिया, जो उनके अनुसार अनुचित है। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय बेरोजगार युवक बालू ढुलाई कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और इस कार्रवाई से उनका रोजगार प्रभावित हुआ है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिप उपाध्यक्ष मौके पर खुद मौजूद रहकर वाहनों को रुकवाती हैं और कथित तौर पर कमीशन की मांग करती हैं। उनका कहना है कि इसी विरोध स्वरूप गांव-गांव में आंदोलन चलाया जाएगा और आगे चरणबद्ध रूप से विरोध कार्यक्रम जारी रहेगा।
धरनी प्रामाणिक ने कहा कि “यहां के युवा किसी तरह ट्रैक्टर खरीदकर बालू की ढुलाई कर बैंक का किश्त चुकाते हैं, लेकिन अब उनका साधन भी छिनता जा रहा है।”
विरसासेन महतो ने आरोप लगाया कि “जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो द्वारा वाहन रोककर चालक के साथ मारपीट की जाती है और पैसे की मांग की जाती है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
इंद्र प्रमाणिक ने कहा कि “हम लोग अब चुप नहीं बैठेंगे। जिस उम्मीद से उन्हें (जिला परिषद को) निर्वाचित किया गया था, वे उस पर खरी नहीं उतरी हैं। रोजगार छीनने वालों के खिलाफ अब गांव-गांव आंदोलन होगा।”
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



