भाजपा नेत्री के घर कपाली ओपी पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, डीसी, एसपी से शिकायत

चांडिल, 11 जुलाई : सामाजिक कार्यकर्ता भोला सिंह मुंडा और भाजपा सरायकेला खरसावां जिला महिला मोर्चा की महामंत्री तरु मुंडा के गौरी स्थित मकान में बीती रात कपाली ओपी की पुलिस ने सर्च अभियान चलाया. इसके खिलाफ भोला सिंह मुंडा ने जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से मिलकर शिकायत पत्र सौंपा है. पत्र में बताया गया कि बीती रात सादे लिबास में पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और पूरे घर की तलाशी ली. इसके पूर्व अप्रैल माह में भी पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली थी. पूछे जाने पर पुलिस सिर्फ इतना बता रही थी कि आपके खिलाफ शिकायत मिली है. पर यह नहीं बता रही थी कि शिकायत क्या है और किसने किया है.
मिली थी अवैध शराब कारोबार की सूचना

पत्र में उन्होंने बताया कि पुलिस बल द्वारा दो-दो बार मेरे घर की तालाशी ली गई. इस दौरान घर से किसी प्रकार का आपत्तिजनक चीज बरामद नहीं हुआ है. पुलिस के इस कृत्य से पूरे परिवार को मानसिक व सामाजिक प्रताड़ना का शिकार होना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि वे एक सीमांत गरीब आदिवासी, शांति प्रिय एवं विधि पालक नागरिक हैं. उनके विरुद्ध न तो किसी न्यायालय में आपराधिक मामला है और न पहले कभी था. भोला सिंह मुंडा ने बताया कि उनकी पत्नी भाजपा नेत्री है और पंचायत समिति का सदस्य रह चुकी हैं. इस संबंध में कपाली ओपी प्रभार धीरंजन कुमार ने बताया कि भोला सिंह मुंडा के घर से शअवैध रूप से शराब का कारोबार चलाए जाने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था. अभियान में पुलिस को कुछ नहीं मिला. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी पुलिस व उत्पाद विभाग द्वारा उनके घर में छापामारी किया गया था.



