राजनगर में आठवीं की छात्रा ने लगाई फांसी, आत्महत्या की वजह अबूझ

राजनगर, 04 जुलाई : थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा कुनाबेड़ा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा सुषमा महतो ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना आज सुबह की बताई जा रही है।
घटना के समय घर में केवल सुषमा की बुजुर्ग दादी मौजूद थीं, जो बाहर बर्तन साफ कर रही थीं। छात्रा की मां अपने मायके सिंगपुर गई हुई थीं, जबकि पिता उषा मार्टिन कंपनी में मजदूरी करते हैं।
शव मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक, सामाजिक और मानसिक पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।



