प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा JSLPS

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा JSLPS

नीमडीह, 03 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत नीमडीह प्रखंड अंतर्गत आदरडीह पंचायत भवन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (JSLPS) की ओर से तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आजीविका संकुल स्तरीय संगठन (CLF) से जुड़ी 18 बी.ओ. (BO) की 36 महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया।

JSLPS के प्रशिक्षकों—अंजना केरिंग और सुखमणि ने प्रतिभागी महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न 25 योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य था कि ग्रामीण महिलाएं अपने गांव में रहते हुए इन योजनाओं का लाभ लेकर न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनें, बल्कि अपने जीवन स्तर को भी ऊँचा उठाएं।

प्रशिक्षण को रचनात्मक और सहज रूप देने के लिए महिलाओं को चित्रांकन, खेलकूद और गतिविधि आधारित सत्रों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम संगठन की सीओबी (COB) को भी उनके कार्यक्षेत्र में क्रियान्वयन से जुड़ी विभिन्न बातों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षकों ने कहा कि महिलाएं यदि सरकारी योजनाओं की जानकारी और उसका सही उपयोग करें, तो न केवल वे आत्मनिर्भर बन सकती हैं बल्कि अपने परिवार और समुदाय को भी आगे ले जा सकती हैं।

JSLPS की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Share This Article