गोबरगोटा पहाड़ी से बरामद हुआ नक्सलियों का बड़ा विस्फोटक जखीरा, बम निरोधक दस्ता ने किया नष्ट

सरायकेला-खरसावां। जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत रायजामा गांव स्थित गोबरगोटा पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री को बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 28 जून को की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माओवादियों द्वारा कई वर्ष पहले गोबरगोटा पहाड़ी की एक गुफा में विस्फोटक सामग्री डम्प कर रखी गई थी। सूचना के आलोक में खरसावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में थाना सैट-01 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 60वीं बटालियन के साथ एक संयुक्त अभियान दल का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने उक्त क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें गुफा से बरामद किए गए विस्फोटक सामग्रियों में शामिल हैं।
वाइट पाउडर (एक्सप्लोसिव) – 5 किलोग्राम, 3 किग्रा केन IED – 05 पीस, 1 किग्रा केन IED – 14 पीस, 500 ग्राम केन IED – 09 पीस, 100 ग्राम केन IED – 01 पीस और कुल 29 पीस केन बम बरामद किया गया है। इसके अलावा कमर्शियल कोरडैक्स वायर – 09 बंडल (प्रत्येक 100 मीटर), इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 500 पीस, नेप्योलीन गोली – 1 किग्रा, इलेक्ट्रिक वायर (1MM व 0.5MM) – 02-02 बंडल, सिरिंज – 66 पीस भी बरामद किया गया है।

सभी बरामद सामग्री को सुरक्षा कारणों से मौके पर ही बम निरोधक दस्ते की मदद से सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया।
इस संबंध में खरसावां थाना में कांड संख्या 49/25 दिनांक 29.06.2025 के तहत भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2)/191(3)/190/132/61(2), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 4/5, गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम 1967 की धारा 10/13 और सीएलए एक्ट की धारा 17 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच जारी है।
इस अभियान में थाना प्रभारी, खरसावां, खरसावां थाना सैट-01और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, 60वीं बटालियन शामिल थे।



