
मठिया आश्रम से मौसी बाड़ी तक निकली भव्य रथयात्रा, ढोल-नगाड़े और भजन-कीर्तन ने बांधा समां
चांडिल, 27 जून : चांडिल में शुक्रवार को महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथयात्रा बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ निकाली गई। जूना अखाड़ा के मठिया आश्रम से प्रारंभ हुई यह भव्य शोभायात्रा चांडिल स्टेशन के समीप मौसी बाड़ी तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी नारों से पूरा चांडिल बाजार भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
रथयात्रा के दौरान महाप्रभु जगन्नाथ, बहन शुभद्रा और भाई बलराम तीन अलग-अलग रथों पर विराजमान थे। परंपरा के अनुसार सभी रथों को भक्तगण रस्सियों से खींचते हुए आगे बढ़ाते नजर आए। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि की गूंज के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते रथयात्रा में शामिल हुए। कीर्तन मंडली की ओर से भजन-कीर्तन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस रथयात्रा का नेतृत्व जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती ने किया। उनके सान्निध्य में यात्रा की विधिवत शुरुआत की गई।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु इस पावन रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यात्रा के सफल आयोजन में जूना अखाड़ा के साधु-संतों, स्थानीय समितियों, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुचारु ढंग से संचालित किया।
रथयात्रा का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और लोक आस्था का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विधायक सबिता महतो, आजसू नेता हरेलाल महतो, हिकीम महतो, समाजसेवी राकेश वर्मा, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, रामकेवल सिंह, अनिता पारित, प्रबोध उरांव, मधुसूदन गोराई, बिजय सिंह, प्रभात पोद्दार, दिवाकर सिंह, संजय चौधरी सहित अनेकों लोग शामिल थे।



