गृह प्रवेश सप्ताह के तहत जिले में 93 परिवारों ने नए आवास में किया प्रवेश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चार दिनों में 534 लाभुक परिवारों को मिला पक्का मकान, जनप्रतिनिधियों ने पौधा, बधाई पत्र और आवास की चाबी देकर किया सम्मानित

सरायकेला, 18 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के तहत बुधवार को 93 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर लाभुक परिवारों को नए घर की चाबी, व्यक्तिगत बधाई पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया।

जिला प्रशासन की ओर से 15 से 21 नवंबर तक गृह प्रवेश सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 15 से 18 नवंबर तक जिले के सभी नौ प्रखंडों में कुल 534 लाभुक परिवार अपने नए आवास में गृह प्रवेश कर चुके हैं। इनमें चांडिल प्रखंड के 59, गम्हरिया के 71, ईचागढ़ के 60, खरसावां के 57, कुचाई के 43, कुकड़ू के 47, नीमडीह के 73, राजनगर के 73 तथा सरायकेला प्रखंड के 51 परिवार शामिल हैं।

बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत चांडिल में 13, गम्हरिया में 8, ईचागढ़ में 9, खरसावां में 10, कुचाई में 7, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 15, राजनगर में 11 तथा सरायकेला प्रखंड में 8 लाभुक परिवारों ने गृह प्रवेश किया।

विभिन्न पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में पंचायत समिति सदस्यों, मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लाभुक परिवारों को आवास की चाबी सौंपने के साथ पौधा और बधाई पत्र देकर उनके नए घर में प्रवेश की खुशियां साझा की गईं।

गृह प्रवेश सप्ताह के तहत ‘हर आवास, एक पेड़’ अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से लाभुकों को अपने घर के आसपास फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और पोषण वाटिका के महत्व को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को गृह प्रवेश सप्ताह की निर्धारित अवधि में सभी पूर्ण आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने तथा पात्र परिवारों को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया है।

Share This Article