विश्व रक्तदाता दिवस पर रात में चला रक्तदान अभियान, 25 यूनिट रक्त संग्रह के साथ 50 पौधों का वितरण
जमशेदपुर, 15 जून : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) द्वारा आयोजित रात्रिकालीन रक्तदान शिविर में मानवता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। चार घंटे तक चले इस विशेष अभियान में 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जबकि 50 पौधों का वितरण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में योगदान देने वाले 25 रक्तदाताओं को ‘रक्तवीर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित रक्तदाताओं को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
आनंद मार्ग के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनील आनंद ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक बनता है। ऐसे में नियमित रक्तदान करने वाले लोग वास्तव में समाज के “रक्तवीर” हैं, जो निस्वार्थ भाव से अनजान लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे मरीजों के लिए रक्तदाता किसी देवदूत से कम नहीं होते। इन्हीं रक्तवीरों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से आनंद मार्ग द्वारा नियमित रूप से सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है। पिछले दो महीनों में आयोजित छह सम्मान समारोहों के माध्यम से अब तक 200 से अधिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर ज्ञान रंजन श्रीवास्तव, राकेश कुमार, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के प्रतिनिधि तथा आनंद मार्ग के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रक्तदान न केवल किसी का जीवन बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।