
चांडिल में सड़क दुर्घटना, बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
चांडिल, 08 अगस्त: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु में टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। हादसे में एक बैंक कर्मचारी को गंभीर चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी बैंक के कर्मचारी प्रशांत सिन्हा और अंकित प्रसाद बुलेट मोटरसाइकिल से पटना से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चिलगु के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
दुर्घटना में प्रशांत सिन्हा को हल्की चोटें आईं, जबकि अंकित प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय हाइवे किंग शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को तत्काल उठाकर स्थानीय महतो पॉली क्लीनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
वनवे मार्ग बना परेशानी का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वहां चिलगु स्थित पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण फोरलेन मार्ग को वनवे किया गया है। एक ही लेन से दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
क्षतिग्रस्त पुल की जगह एनएचएआई द्वारा नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण का काम काफी धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है, लेकिन सड़क की स्थिति और उपलब्ध सुविधाएं संतोषजनक नहीं हैं।
लोगों का कहना है कि जब सड़क और पुल निर्माण का काम लंबे समय से चल रहा है और वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है, तो टोल वसूली को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई से चिलगु में क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने और वनवे मार्ग पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



