एशियन यूथ पैरा गेम्स में झोंगो पाहन का शानदार प्रदर्शन, भारत को स्वर्ण

खूंटी, 13 दिसंबर : दुबई में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025 में खूंटी जिले के प्रतिभाशाली तीरंदाज झोंगो पाहन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने टीम स्पर्धा में स्वर्ण तथा व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत, झारखंड और खूंटी जिले को गौरवान्वित किया।
रिकर्व U-21 ओपन मिक्स्ड टीम इवेंट में झोंगो पाहन ने साथी खिलाड़ी भावना के साथ मिलकर फाइनल मुकाबले में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना को 6–2 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह जीत भारत के लिए गर्व का क्षण रही।
व्यक्तिगत स्पर्धा में भी झोंगो पाहन ने शानदार खेल दिखाया। सेमीफाइनल में उन्होंने मलेशिया के बीन मोहम्मद फौजी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में चीन के Jaiwen Luo से कड़े मुकाबले के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इस उपलब्धि पर खूंटी के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आर रॉनिटा ने झोंगो पाहन को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और खूंटी की खेल प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली है। जिला प्रशासन भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगा।



