खरसावाँ में हल्दी प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण, किसानों से अधिक खरीद व बेहतर बाजार से जोड़ने के दिए निर्देश

सरायकेला, 10 मार्च : जिले के खरसावाँ स्थित हल्दी प्रसंस्करण इकाई का मंगलवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इकाई की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा हल्दी के प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों व एफपीओ के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने विशेष रूप से वर्तमान सीजन में क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक मात्रा में हल्दी की खरीद सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए प्रसंस्करण इकाई को किसानों से सीधे जुड़कर खरीद की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। इससे एक ओर किसानों को बाजार की बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
डीडीसी ने एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के सदस्यों को निर्देश दिया कि हल्दी प्रसंस्करण इकाई का संचालन सुचारु और प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी कहा कि इकाई की उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग करते हुए हल्दी से जुड़े विभिन्न उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने हल्दी उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्पादों की बिक्री को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, स्थानीय खुदरा दुकानों, जेएसएलपीएस के पलाश स्टोर्स तथा विभिन्न डिपार्टमेंटल स्टोर्स के माध्यम से बढ़ावा दिया जाए, जिससे उत्पादों की पहुंच अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक हो सके।
डीडीसी ने कहा कि हल्दी प्रसंस्करण इकाई के सफल संचालन से किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्र में कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारियों, विभागीय कर्मियों और एफपीओ सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं इकाई से जुड़े सदस्य भी उपस्थित थे।



